भाजपा ने जारी की उम्‍मीदवारों की 16वीं लिस्‍ट, अखिलेश के खिलाफ ताल ठोकेंगे दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ

नई दिल्‍ली (एजेंसी)। भाजपा ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए छह उम्‍मीदवारों की अपनी 16वीं सूची जारी की। भाजपा ने इस सूची में भोजपुरी फ‍िल्‍म अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को जगह दी है। वह आजमगढ़ सीट से सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव को चुनावी मैदान में टक्‍कर देंगे। आजमगढ़ लोकसभा सीट साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भी आकर्षण का केंद्र थी। इस सीट से मुलायम सिंह यादव ने चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी।


 इस सूची में महाराष्ट्र के लिए एक उम्‍मीदवार जबकि उत्‍तर प्रदेश के लिए पांच उम्‍मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। मैनपुरी से प्रेम सिंह शाक्‍य को उम्‍मीदवार बनाया गया है जो सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को चुनौती देंगे। वहीं भाजपा ने मछली शहर के “होनहार” सांसद राम चरित्तर का टिकट काट दिया है। उनकी जगह वीपी सरोज को चुनाव मैदान में उतारा गया है। सरोज हाल ही में बसपा से आये हैं। पिछले चुनाव में सरोज दूसरे स्थान पर थे।